बलरामपुर : वाड्रफनगर में आरटीओ की सघन वाहन जांच, 5 वाहनों पर कार्रवाई, ₹12,600 का राजस्व वसूला
बलरामपुर,
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के अंतरराज्यीय जांच नाका धनवार स्थित क्षेत्रीय परिवहन विभाग (आरटीओ) द्वारा वाड्रफनगर क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र, वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 5 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹12,600 का राजस्व वसूला गया।
जिला कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा जिले में यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से लगातार जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वाड्रफनगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान वाहन फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान 5 वाहनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। वहीं कई वाहन चालकों को समझाइश देते हुए आवश्यक दस्तावेज शीघ्र बनवाने तथा भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
आरटीओ अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहन चालकों का नियमों के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र अथवा वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ाता है। इसलिए सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों को अपने वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखना चाहिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार की जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान आरटीओ धनवार के उप निरीक्षक फिरोज कुरैसी सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन संचालन के समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की।

