बलरामपुर।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, ओडिशा से गांजा लेकर बिहार जा रहे तस्करों ने इसे वाहन के नीचे तैयार किए गए बॉक्सनुमा गुप्त चैंबर में छिपाकर रखा था। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस को पिछले कुछ दिनों से ओडिशा से बलरामपुर के रास्ते बिहार की ओर गांजा तस्करी किए जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई थी।
इसी दौरान 24 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक JH10AQ5144 में बड़ी मात्रा में गांजा ओडिशा से बलरामपुर के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संदिग्ध वाहन की चेकिंग शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, अंबिकापुर की ओर से आ रही उक्त पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के डाला के नीचे विशेष तरीके से तैयार किए गए गुप्त बॉक्सनुमा चैंबर का पता चला। चैंबर को खोलने पर उसके अंदर पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा मिला।पुलिस ने मौके से कुल 100 पैकेट गांजा बरामद किया, जिसका वजन 109.235 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी है।
मामले में पुलिस ने पिकअप चालक योगीराज पिता ऐशन शाह, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कतिकनार, वार्ड क्रमांक 05, थाना नवागढ़, जिला बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और गांजा जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बलरामपुर अपराध क्रमांक 167/2026, धारा 20(ख)(2)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सकती है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना कोतवाली बलरामपुर की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
