नरेंद्र मिश्रा,बलरामपुर
जिले के थाना राजपुर पुलिस ने पशुओं के अवैध परिवहन एवं उनके प्रति क्रूरता के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 12 मवेशियों को बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 की रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गोपालपुर क्षेत्र में एक पिकअप वाहन के माध्यम से पशुओं का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक UP-65 QT-1375 को रोककर तलाशी ली। वाहन में पशुओं को अत्यंत क्रूर एवं अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अशोक गिरी (50 वर्ष) पिता सुरेश गिरी, निवासी ग्राम डवरी कला, थाना बबुरी, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) बताया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पशुओं को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर ले जा रहा था। मौके पर वाहन में 6 मवेशी क्रूरतापूर्वक बंधे हुए पाए गए। वहीं आसपास की तलाशी के दौरान अन्य 6 मवेशी भी बरामद किए गए, जिन्हें वाहन से उतारकर बांधा गया था। इस प्रकार पुलिस ने कुल 12 मवेशियों को बरामद किया।
प्रथम दृष्टया जांच में पशुओं के परिवहन संबंधी वैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन एवं पशुओं के प्रति क्रूरता किए जाने की पुष्टि होने पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(D) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशुओं के अवैध परिवहन, पशु तस्करी अथवा पशुओं के प्रति क्रूरता से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि ऐसे अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

