बलरामपुर : शिक्षा सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस पर वाड्रफनगर विकासखंड में उत्साहपूर्वक मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव…
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर/वाड्रफनगर
नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस पर वाड्रफनगर विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल से गुलजार नजर आए, वहीं नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। इस अवसर पर विकासखंड स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
शाला प्रवेश उत्सव के तहत शासकीय प्राथमिक शाला चंवरसरई, शासकीय प्राथमिक शाला रघुनाथनगर तथा शासकीय माध्यमिक शाला रघुनाथनगर सहित विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं में संचालित पठन-पाठन व्यवस्था, स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन तथा समग्र शैक्षणिक वातावरण का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों से चर्चा कर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, बच्चों की सीखने की क्षमता को विकसित करने तथा विद्यालयों में सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करें। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है और उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा प्रदान की जा सकती है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम का महत्व समझाते हुए अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पालकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों और पालकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर नए सत्र की शुरुआत की खुशी साफ झलक रही थी। विद्यालयों में आयोजित स्वागत कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना को और मजबूत किया।
वाड्रफनगर विकासखंड के समस्त विद्यालयों में शिक्षा सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस का सफल आयोजन इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सकारात्मक वातावरण निर्मित हो रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में विभिन्न नवाचार और जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाते रहेंगे।

