बलरामपुर। जिले के कुसमी स्थित हिंडाल्को ओपन माइंस में परिवहन कार्य करने वाले ट्रक मालिकों का भुगतान कई महीनों से अटका होने का मामला सामने आया है। लंबित पेमेंट से परेशान करीब 40 ट्रक मालिक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को आवेदन देकर जल्द भुगतान दिलाने की मांग की।
ट्रक मालिकों का कहना है कि लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। ट्रकों की किस्त, डीजल, मेंटेनेंस और परिवार के रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा है। कई वाहन मालिकों पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है।
ट्रक मालिकों ने प्रशासन से कंपनी के साथ समन्वय कर लंबित भुगतान जल्द जारी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर भुगतान नहीं मिलने से परिवहन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।
अब ट्रक मालिकों को प्रशासन की ओर से हस्तक्षेप और कंपनी से भुगतान संबंधी समाधान की उम्मीद है।

