बलरामपुर,
विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से पूरा बलरामपुर-रामानुजगंज जिला दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। जिला मुख्यालय से लेकर नगरीय क्षेत्रों और सुदूर ग्रामीण अंचलों तक लोगों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
जिला स्तरीय मुख्य आयोजन स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में हुआ। यहां करीब 2 हजार विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ की आकृति तैयार की। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने आकृति में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में करीब 1 लाख 30 हजार दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा मैदान दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि आज का दिन भगवान विश्वकर्मा की जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के कारण विशेष है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन और निर्माण के प्रतीक हैं, वहीं प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को विकसित भारत की दिशा में आगे ले जाने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जिले की एकजुटता और जनभागीदारी का प्रतीक बताया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जलाए गए दीप जनभागीदारी और एकता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि घर के आंगन में श्रद्धा से जलाया गया एक दीप भी इस अभियान में महत्वपूर्ण है। आयोजन को सफल बनाने में बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता रही।
प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 46 हजार 418 दीये प्रज्वलित करने की व्यापक तैयारी की गई थी। इनमें विभागीय एवं निकाय स्तर के 5 लाख 16 हजार 418 दीये शामिल थे। कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, अनुभाग और तहसील कार्यालयों सहित नगरीय निकायों में भी दीप सजाए गए।बलरामपुर, राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी, रामचंद्रपुर और वाड्रफनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने अपने घर-आंगन में स्वेच्छा से दीप जलाए। जिले की 476 ग्राम पंचायतें भी कार्यक्रम का हिस्सा बनीं। शालाओं, छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों और अमृत सरोवरों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प भी लिया। आयोजन में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।

