बलरामपुर जिले ब्रेकिंग :
रामचन्द्रपुर में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर,
कई पक्के मकान ध्वस्त
छात्रावास के लिए प्रस्तावित सरकारी भूमि को कराया जा रहा अतिक्रमण मुक्त, भारी पुलिस बल तैनात
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम रामचन्द्रपुर में बुधवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बने पक्के मकानों पर बुलडोजर चलाया। सुबह करीब 6 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
जानकारी के अनुसार, जिस भूमि पर कार्रवाई की जा रही है वह शासन द्वारा छात्रावास निर्माण के लिए प्रस्तावित की गई है। उक्त भूमि पर कुछ लोगों द्वारा वर्षों से अवैध कब्जा कर पक्के मकान एवं अन्य निर्माण कर लिए गए थे। प्रशासन द्वारा कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन कब्जाधारियों ने निर्धारित समयावधि में जमीन खाली नहीं की।
नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान अब तक 9 पक्के मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है तथा शेष अतिक्रमणों को हटाने की प्रक्रिया जारी है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम,
संभावित विरोध एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई संपन्न कराई जा रही है।
ग्रामीणों की लगी भीड़,
बुलडोजर कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोग प्रशासनिक कार्रवाई को देखने के लिए घंटों तक घटनास्थल पर मौजूद रहे। क्षेत्र में दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश,
अधिकारियों का कहना है कि शासन की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी योजनाओं एवं जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए चिन्हित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना प्राथमिकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलेभर में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जिले की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही,
रामचन्द्रपुर में चल रही यह बुलडोजर कार्रवाई जिले में अतिक्रमण के खिलाफ हाल के वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। छात्रावास निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा यह कदम उठाया गया है। फिलहाल प्रशासन शेष अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई में जुटा हुआ है।

