बलरामपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित, प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया योगाभ्यास
नरेंद्र मिश्रा,बलरामपुर,
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बलरामपुर के हाई स्कूल ग्राउंड में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा उपस्थित लोगों को भी अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योग करने से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में कलेक्टर संजय चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर एवं वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) आलोक कुमार वाजपेयी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मंत्री के साथ योगाभ्यास किया। सभी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए नियमित योग करने की अपील की।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में योग के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, जागरूकता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
महिला एवं बाल विकास मंत्री,लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि :
“योग केवल एक दिन मनाने का विषय नहीं है। हमें अपने अच्छे स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन के लिए प्रतिदिन योग करना चाहिए। योग हमारी संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे हर व्यक्ति को अपनाना चाहिए।”

