बलरामपुर: नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन कलेक्टर चंदन त्रिपाठी का स्कूलों में औचक निरीक्षण…
नरेंद्र मिश्रा,बलरामपुर
जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही कलेक्टर चंदन त्रिपाठी एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने बलरामपुर विकासखंड के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों तथा शिक्षकों से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई, पाठ्यपुस्तकों और विद्यालय की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। अपने बीच कलेक्टर को पाकर छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित दिखाई दिए। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने शिक्षकों से भी चर्चा कर नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने बताया कि नए सत्र से स्कूलों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था लागू की गई है। इसके माध्यम से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति का सटीक रिकॉर्ड रखा जा सकेगा तथा नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित होगी।
कलेक्टर ने बताया कि जिन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया, वहां विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जो शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल और जागरूकता को दर्शाता है।

