बलरामपुर ब्रेकिंग : नकटी में मकान तोड़े जाने के विरोध में बलरामपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन,
बलरामपुर,
जिले के अटल चौक पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतला दहन को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया।
कांग्रेस ने वाड्रफनगर क्षेत्र के नकटी ग्राम में 85 मकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया। पार्टी का आरोप है कि प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को बिना पर्याप्त नोटिस दिए और पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना ही कार्रवाई कर दी, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी गरीब परिवार को बेघर करने से पहले उसके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए मकान तोड़ने की कार्रवाई वापस लेने तथा प्रभावित परिवारों को न्याय देने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव ने कहा कि सरकार गरीबों के साथ अन्याय कर रही है। यदि प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिला और पुनर्वास की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो कांग्रेस आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी।
जिला अध्यक्ष कांग्रेस हरिहर यादव, ने कहा कि :
“नकटी ग्राम में गरीब परिवारों के मकान बिना उचित नोटिस और पुनर्वास की व्यवस्था किए तोड़ दिए गए। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है। पहले प्रभावित परिवारों का पुनर्वास किया जाए, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई हो। यदि सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो कांग्रेस का आंदोलन और तेज होगा।”
फिलहाल, कांग्रेस ने सरकार से कार्रवाई वापस लेने और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है, जबकि प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

