61 उप निरीक्षक बने निरीक्षक, पुलिस मुख्यालय ने जारी किए पदोन्नति व नई पदस्थापना के आदेश..
बलरामपुर,
छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के 61 उप निरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत करते हुए उनकी नई पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस महानिदेशक के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार पदोन्नत अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पदस्थ उप निरीक्षक उपराज साहू को पदोन्नति के बाद निरीक्षक बनाया गया है और उनकी पदस्थापना बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में ही की गई है।
वहीं सुश्री आराधना बनौधे का तबादला बलरामपुर-रामानुजगंज से बिलासपुर किया गया है। इसके अलावा ओम प्रकाश पटेल को बलरामपुर से दुर्ग तथा विरासत कुजूर को कोरबा में नई पदस्थापना दी गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी इस आदेश में प्रदेशभर के कुल 61 उप निरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति दी गई है। पदोन्नति के साथ कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

