बलरामपुर : बिना नंबर प्लेट बाइक से 100 नशीले इंजेक्शन बरामद, आरोपी गिरफ्तार
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिले के पस्ता थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 100 नग नशीले इंजेक्शन, एक मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की बैंगनी-सफेद रंग की यामाहा मोटरसाइकिल में नशीले मादक इंजेक्शन लेकर शंकरगढ़ की ओर से पस्ता क्षेत्र की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पस्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ ग्राम बासेन के कोदोडीपा-कोलावाड़ी मार्ग पर घेराबंदी की।
कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिये के अनुसार एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की यामाहा मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसने अपना नाम अतिकुर रहमान (54 वर्ष), पिता जसिमुद्दीन, निवासी ग्राम बासेन, थाना पस्ता, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज बताया।
पूछताछ के दौरान संदेही व्यक्ति संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और संदिग्ध व्यवहार करने लगा। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान डिग्गी से चार सीलबंद पैकेट बरामद हुए। इनमें Pheniramine Maleate Injection (Avil) के 50 नग इंजेक्शन तथा Buprenorphine Injection IP (Rexogesic) के 50 नग इंजेक्शन पाए गए।
पुलिस ने मौके पर ही नशीले इंजेक्शनों को जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की यामाहा मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
जांच में आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
