बलरामपुर। जिले में जंगली हाथियों की मौजूदगी के बीच एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटना सामने आई है। रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जौराही में जंगली हाथी के हमले से एक बुजुर्ग घायल हो गया। गनीमत रही कि हमले के बाद बुजुर्ग की जान बच गई। घायल वृद्ध का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग अपने एक साथी के साथ जंगल में पशुओं को लेने गया था। इसी दौरान जंगल में अचानक उसका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने वृद्ध पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही रघुनाथ नगर वन परिक्षेत्र की वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वन अमले ने घायल बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। विभाग द्वारा प्रारंभिक उपचार के लिए घायल को सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने घटना के बाद क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की आवाजाही वाले जंगल और आसपास के क्षेत्रों में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
अस्पताल में चल रहा उपचार
वाड्रफनगर एसडीओ फॉरेस्ट प्रेमचंद मिश्रा ने बताया कि जंगली हाथी के हमले में घायल बुजुर्ग अभी सुरक्षित है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। वन विभाग की टीम द्वारा घटना की जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जंगल जाने से बचने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जंगल में न जाएं। विशेषकर अकेले या समूह से अलग होकर जंगल में जाने से बचें। हाथियों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और वन विभाग को तत्काल सूचना दें।
लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। वन विभाग द्वारा लोगों से वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की जा रही है।

