नरेंद्र मिश्रा ,बलरामपुर
जिले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र में चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की मारपीट कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सामरीपाठ में दर्ज अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत आरोपी अर्जुन राम उर्फ टेंवर नगेसिया (36 वर्ष) निवासी लक्ष्मणपुर, थाना सामरीपाठ को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
मामले के अनुसार 11 जून 2026 को पश्चिमपारा निवासी सुरदू बिरिजिया द्वारा थाना सामरीपाठ में सूचना दी गई थी कि बजली बिरिजिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि घटना से एक दिन पूर्व अर्जुन नगेसिया और उसकी पत्नी बजली बिरिजिया साप्ताहिक बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय गांव के कुछ लोगों ने अर्जुन को बताया कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ देखी गई है। इस बात को लेकर आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह हो गया।
पुलिस जांच के अनुसार घर पहुंचने के बाद आरोपी ने पत्नी के साथ विवाद किया और हाथ-मुक्के, लात तथा डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के कारण 11 जून 2026 को महिला की मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे 13 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना आगे भी जारी है।

