रामानुजगंज। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। रविवार सुबह करीब 9 बजे रामानुजगंज के एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा था। इसी दौरान झारखंड के गोदरमाना की ओर से छत्तीसगढ़ की दिशा में आ रहा एक व्यक्ति पानी से लबालब भरे एनीकट को पार करने का प्रयास करने लगा।
एनीकट पार करने के दौरान तेज बहाव के कारण वह बीचो-बीच फंस गया। वह न तो आगे बढ़ पा रहा था और न ही वापस लौट पा रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे फंसा देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। काफी देर तक वह एनीकट के बीच में फंसा रहा।
इसी बीच अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर तेज पानी के बहाव में बहने लगा। लोगों के अनुसार, वह करीब 500 मीटर तक बहते हुए दिखाई दिया, जिसके बाद वह पानी में डूब गया। घटना के बाद उसकी तलाश के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है। युवक की पहचान और उसके पानी में बहने की स्थिति को लेकर अभी जानकारी जुटाई जा रही है।

