बलरामपुर : कलेक्टर की संवेदनशील पहल से पहाड़ी कोरवा दिव्यांग हितग्राही को मिली नई राह,जनचौपाल में उठी समस्या का हुआ त्वरित समाधान, ट्रायसाइकिल मिलने से आत्मनिर्भर बने मंगरू राम
नरेंद्र मिश्रा,बलरामपुर
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में विकासखंड कुसमी के ग्राम पंचायत जिगनियां के आश्रित ग्राम सुपढाका में आयोजित पहाड़ी कोरवा जनजाति चौपाल एक दिव्यांग हितग्राही के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास लेकर आई। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की संवेदनशील पहल से 60 प्रतिशत दिव्यांग मंगरू राम को ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके दैनिक जीवन की कठिनाइयां काफी हद तक कम हो गई हैं।
ग्राम सुपढाका निवासी मंगरू राम लंबे समय से शारीरिक दिव्यांगता के कारण आवागमन संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे थे। एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए उन्हें परिजनों अथवा अन्य लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था। दैनिक कार्यों को पूरा करना भी उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। आर्थिक और शारीरिक सीमाओं के कारण वे स्वतंत्र रूप से अपने कार्य नहीं कर पा रहे थे, जिससे उनका जीवन संघर्षों से भरा हुआ था।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी द्वारा आयोजित जनजातीय चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही थीं। इसी दौरान मंगरू राम की स्थिति से कलेक्टर को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने त्वरित पहल करते हुए मंगरू राम को ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई।
ग्राम पंचायत जिगनियां की सरपंच श्रीमती मानमती द्वारा मंगरू राम को ट्रायसाइकिल प्रदान की गई। ट्रायसाइकिल मिलने के बाद अब उनके लिए आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गया है। इससे वे अपने दैनिक कार्य स्वयं करने के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी अधिक सक्रियता से भाग ले सकेंगे। यह सहायता उनके लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
ट्रायसाइकिल प्राप्त कर मंगरू राम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूसरों का सहारा लेना पड़ता था। कहीं आने-जाने में अत्यधिक परेशानी होती थी, लेकिन अब ट्रायसाइकिल मिलने से उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया है। उन्होंने जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग तथा कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनचौपालों के माध्यम से दूरस्थ और विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और उनका निराकरण किया जा रहा है। इन चौपालों के जरिए जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी वास्तविक समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। मंगरू राम का यह उदाहरण दर्शाता है कि प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता से लोगों के जीवन में सार्थक परिवर्तन लाया जा सकता है।

