Mumbai Airport Accident : मुंबई। देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए। समय रहते एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की सतर्कता और पायलट की सूझबूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे हुई। दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 टेक-ऑफ की तैयारी कर रही थी, जबकि सिलिगुड़ी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट लैंडिंग के बाद अभी पूरी तरह रनवे से बाहर नहीं निकली थी। जैसे ही ATC को स्थिति का पता चला, उसने तत्काल एयर इंडिया के विमान को टेक-ऑफ रोकने का निर्देश दिया।
ATC के निर्देश पर तुरंत रोका गया टेक-ऑफ
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि पायलट ने ATC का निर्देश मिलते ही टेक-ऑफ रन (Rejected Take-Off) तुरंत रोक दिया। इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से वापस पार्किंग बे में ले जाया गया। एयरलाइन ने कहा कि विमान को दोबारा उड़ान भरने से पहले स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का इंतजाम किया है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन में शामिल किया जाएगा। फिलहाल दोनों विमानों में सवार यात्रियों की संख्या की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
क्या होता है Rejected Take-Off (RTO)?
टेक-ऑफ रन वह प्रक्रिया होती है, जब विमान उड़ान भरने के लिए रनवे पर निर्धारित गति प्राप्त करता है। यदि इस दौरान कोई खतरा सामने आता है तो पायलट टेक-ऑफ रोक देता है। इसे Rejected Take-Off (RTO) कहा जाता है। समय पर लिया गया यह फैसला कई बार बड़े विमान हादसों को टाल देता है।
कैसे काम करता है मुंबई एयरपोर्ट का ATC?
मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट देश का दूसरा सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है, जहां प्रतिदिन लगभग 950 से 1,000 उड़ानों का संचालन होता है। एयरपोर्ट पर दो रनवे (09/27 और 14/32) मौजूद हैं, जो एक-दूसरे को काटते हैं। इसी कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल प्रत्येक टेक-ऑफ और लैंडिंग की लगातार निगरानी करता है और किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तुरंत निर्देश जारी करता है।
जांच के आदेश
विमानन अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे से पूरी तरह बाहर निकले बिना दूसरी फ्लाइट को टेक-ऑफ की अनुमति कैसे मिली और क्या इसमें किसी प्रकार की प्रक्रियागत चूक हुई।

