अयोध्या। राम मंदिर के दान पात्र से कथित चढ़ावा चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी अनुकल्प मिश्र को लेकर जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी की रकम से अपने गांव के पास करीब 20 बीघा जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि इस जमीन का सौदा लगभग दो करोड़ रुपये में तय हुआ था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि अनुकल्प मिश्र एक नई स्कॉर्पियो खरीदने की योजना बना रहा था। उसने कथित तौर पर शोरूम संचालक से जल्द बुकिंग कराने की बात भी कही थी। इससे पहले करीब दो महीने पूर्व उसने एक स्विफ्ट डिजायर कार भी खरीदी थी।
CG News : देशी मशरूम खाने से परिवार की बिगड़ी तबीयत, 8 सदस्य जिला अस्पताल में भर्ती
पिता से पूछताछ में मिले अहम सुराग
पुलिस ने आरोपी के पिता रवींद्र मिश्र से पूछताछ की, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं। जांच के दौरान अंबेडकरनगर जिले में आरोपी से जुड़ी कुछ अचल संपत्तियों की भी जानकारी मिली है, जिनकी जांच की जा रही है।
अनुकल्प मिश्र मूल रूप से मिल्कीपुर क्षेत्र के बसावां गांव का रहने वाला है। हालांकि वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अयोध्या के कौशलपुरी क्षेत्र में रह रहा था, लेकिन गांव में उसका लगातार आना-जाना लगा रहता था।
परिक्रमा मार्ग के किनारे जमीन खरीदने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण के बाद आरोपी की नजर हाईवे से सटी जमीन पर थी। उसने कई प्रॉपर्टी डीलरों से संपर्क कर परिक्रमा मार्ग के किनारे एक ही स्थान पर 20 बीघा जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी। उसने कथित तौर पर डीलरों से कहा था कि जमीन परिक्रमा मार्ग के पास हो, चाहे इसके लिए अधिक कीमत ही क्यों न चुकानी पड़े।
अप्रैल में कराई थी भागवत कथा
जांच में यह भी सामने आया है कि अप्रैल महीने में अनुकल्प मिश्र ने अपने गांव में भागवत कथा का आयोजन कराया था। इस दौरान कई प्रॉपर्टी डीलर उससे मिलने पहुंचे थे और जमीन के सौदों पर चर्चा हुई थी। हालांकि, एक ही स्थान पर 20 बीघा जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण सौदा अंतिम रूप नहीं ले सका।
इसी बीच जून में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आ गया। ट्रस्ट की आंतरिक जांच और उसके बाद गठित एसआईटी की जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ शुरू हुई, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की संपत्तियों तथा वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।

