भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की तेरहवीं सोमवार को आयोजित की जा रही है। इस मौके पर करीब 25 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है, जबकि अतिरिक्त 15 हजार लोगों के लिए राशन का स्टॉक भी रखा गया है। श्राद्ध भोज की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
भरत तिवारी के गांव और आसपास के खेतों में दो बड़े टेंट लगाए गए हैं। श्रद्धांजलि सभा में आने वाले लोगों के बैठने और भोजन करने के लिए विशाल शामियाना तैयार किया गया है। लोगों के आराम के लिए खेतों में पलंग लगाए गए हैं। गर्मी और मौसम को ध्यान में रखते हुए कूलर और पंखों की भी व्यवस्था की गई है।
भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी और भाई चंदन तिवारी ने बताया कि बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से हजारों समर्थकों के आने की उम्मीद है। बाहर से आने वाले लोगों के ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया गया है।
वहीं, भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में दायर याचिका पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करने से इनकार कर दिया। सर्वोच्च न्यायालय ने याचिकाकर्ता को पहले संबंधित हाईकोर्ट का रुख करने की सलाह दी है। इसके बाद मामले में कानूनी प्रक्रिया अब हाईकोर्ट में आगे बढ़ने की संभावना है।

