बलरामपुर में नगर सैनिक के पति ने घर में लगाई आग, पूरे मोहल्ले में हड़कंप,समय रहते फायर ब्रिगेड पहुंची तो टला बड़ा हादसा
नरेंद्र मिश्रा,बलरामपुर
शहर के गर्ल्स हाई स्कूल पारा स्थित रिहायशी इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नगर सैनिक के पति ने कथित रूप से अपने ही घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों और धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर गैस सिलेंडर होने की सूचना मिलते ही आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर सैनिक महिला अपनी नियमित ड्यूटी पर गई हुई थी। इसी दौरान उसके पति ने कथित तौर पर घर में आग लगा दी। आग लगाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और दूर-दूर तक धुएं का गुब्बार दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बलरामपुर कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। रिहायशी क्षेत्र होने और घर में गैस सिलेंडर मौजूद होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल आसपास के मकानों को खाली कराया। इससे कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। यदि आग सिलेंडर तक पहुंच जाती तो आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते थे।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को आगजनी की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी पति फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पूरे मामले की जांच बलरामपुर कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है।

