नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री Shraddha Kapoor इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ईथा (Eetha)’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित ब्वॉयफ्रेंड राहुल मोदी के साथ फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का आनंद लेती नजर आ रही हैं।
वायरल वीडियो एक फैन ने सिनेमाघर के अंदर रिकॉर्ड किया है। क्लिप में श्रद्धा फिल्म के मजेदार दृश्यों पर खुलकर हंसती दिखाई दे रही हैं, जबकि राहुल मोदी उनके बगल में बैठे नजर आते हैं। वीडियो शेयर करते हुए फैन ने लिखा, “भारत की नेशनल क्रश श्रद्धा कपूर के साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ देख रहा हूं।” इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
दो साल से डेटिंग की चर्चाएं
श्रद्धा कपूर और राहुल मोदी के रिश्ते की चर्चाएं साल 2024 से शुरू हुई थीं, जब दोनों को पहली बार मुंबई में डिनर डेट पर साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों कई कार्यक्रमों और निजी मौकों पर साथ नजर आए। श्रद्धा के सोशल मीडिया पोस्ट में भी कई बार राहुल मोदी को कैमरे के पीछे देखा गया, जिससे उनके रिश्ते की अटकलों को और बल मिला। हालांकि, दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
‘ईथा’ में नजर आएंगी श्रद्धा कपूर
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रद्धा कपूर पिछली बार ‘स्त्री 2’ में नजर आई थीं, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी। अब वह अपनी अगली फिल्म ‘ईथा’ में दिखाई देंगी।
यह एक बायोपिक फिल्म है, जिसमें श्रद्धा महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावणी और तमाशा लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। ‘ईथा’ 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

