भोपाल/दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में मुहर्रम के दौरान निकाले जा रहे ताजिया जुलूस में एक युवक को आग के साथ स्टंट करना भारी पड़ गया। गढ़ी मोहल्ला क्षेत्र में मशाल के साथ प्रदर्शन के दौरान युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुहर्रम की परंपरा के तहत शहर में ताजियों की शहर गश्त निकाली जा रही थी। इसी दौरान गढ़ी मोहल्ला में एक बड़ी मशाल जलाई गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवक मशाल के साथ करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर मुंह में ज्वलनशील पदार्थ भरकर आग की ओर फूंक मारने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि शुरुआती प्रयास सफल रहे, लेकिन अगले प्रयास में अचानक आग युवक के मुंह तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने उसके मुंह और गले के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस घटना के बाद सार्वजनिक आयोजनों में खतरनाक स्टंट से बचने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार के जोखिम भरे करतब से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

