छत्तीसगढ़ बेमेतरा ब्रेकिंग : थानखम्हरिया थाना में ACB की बड़ी कार्रवाई, प्रधान आरक्षक 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बेमेतरा,
जिले के थानखम्हरिया थाना में शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि एक शिकायतकर्ता ने ACB से शिकायत की थी कि प्रधान आरक्षक एक मामले में मदद करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी प्रधान आरक्षक ने 15 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान ACB अधिकारियों ने रिश्वत की राशि जब्त कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत किस काम के बदले मांगी गई थी तथा मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता है या नहीं।
यह कार्रवाई बेमेतरा पुलिस विभाग में ACB की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। वहीं साजा विधानसभा क्षेत्र में यह ACB की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले इसी क्षेत्र में एक पटवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था।
लगातार हो रही ACB की कार्रवाइयों से साफ है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर एजेंसी सख्त रुख अपनाए हुए है। मामले की जांच जारी है और ACB जल्द ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक कर सकती है।

