अंबिकापुर : सरगुजा के इस RTI योद्धा को मिला राष्ट्रीय सम्मान! भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई की देशभर में हुई सराहना, बॉलीवुड सितारों ने मंच पर किया सम्मानित
चंद्रिका कुशवाहा, अंबिकापुर
सरगुजा संभाग के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रतिष्ठित “नेशनल प्रेस्टीज अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया है। उन्हें “बेस्ट आरटीआई एंड पीआईएल कार्यकर्ता” की श्रेणी में यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह 30 मई 2026 को कर्नाटक के हुबली स्थित होटल डेनिसंस में ग्लोबल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में संपन्न हुआ। समारोह में बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान, टीवी कलाकार करण मेहरा, अभिनेत्री अशनूर कौर तथा ग्लोबल रिसर्च फाउंडेशन के फाउंडर चेयरमैन श्रीधर द्वास्कर ने डॉ. सोनी को सम्मान पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया।
देशभर के 27 राज्यों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों के बीच चयन प्रक्रिया के बाद डॉ. सोनी को जनहित, आदिवासी हित, सुशासन, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए इस सम्मान हेतु चुना गया।
डॉ. डी.के. सोनी लंबे समय से आरटीआई और जनहित याचिकाओं के माध्यम से आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते आ रहे हैं। अपनी संस्था “सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस” के माध्यम से उन्होंने अनेक मामलों को उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचाया तथा कई महत्वपूर्ण जनहित मामलों में सफलता हासिल की है।
सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने कई मामलों में जांच और कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही कराने में सफलता प्राप्त की है।
इस राष्ट्रीय सम्मान से अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने इसे सरगुजा की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाली उपलब्धि बताया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए सम्मान के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई को पूरी प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ जारी रखेंगे।

