अंबिकापुर/सरगुजा : 2 लाख रुपये के 200 नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी गिरफ्तार, आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई…
नरेंद्र मिश्रा, अंबिकापुर/सरगुजा
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा टीम ने नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के 200 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम ने गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित सरना मैदान के पास कार्रवाई करते हुए वाहिद अंसारी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 100 रेक्सोजेसिक (Rexogesic) इंजेक्शन एवं 100 एविल (Avil) इंजेक्शन बरामद किए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त नशीले इंजेक्शनों की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा स्कूटी के माध्यम से नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स कोर्ट के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत नशीले पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कई तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिससे जिले में नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशे के अवैध कारोबार को समाप्त करने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

