नरेंद्र मिश्रा ,बलरामपुर
थाना शंकरगढ़ पुलिस ने पशुओं के प्रति क्रूरता एवं अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बैल तथा एक टाटा सूमो वाहन भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बरपतरापारा निवासी भगत राम ने थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि देर रात लगभग 10:30 बजे एक बंद वाहन में कुछ लोग पशुओं को लोड कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में दो बैलों को चारों पैर प्लास्टिक की रस्सी से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने तत्काल पशुओं को वाहन से बाहर निकालकर सुरक्षित किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा बैलों को अवैध रूप से कटाई हेतु झारखंड ले जाया जा रहा था।
मामले में थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 71/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मामले में बरपतरापारा (जनकडीह) निवासी फिरन्तु नायक (40 वर्ष), पनसाय नायक (52 वर्ष) तथा विजय नायक (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 20 हजार रुपये मूल्य के दो बैल तथा घटना में प्रयुक्त सिल्वर रंग की टाटा सूमो वाहन क्रमांक JH-01 AJ-4249 को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने कहा है कि पशुओं के अवैध परिवहन एवं क्रूरता से जुड़े मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

