बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों रुपये की गांजा खेप बरामद
नरेंद्र मिश्रा ,बलरामपुर
जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद गांजे की खेप जिले में अब तक पकड़ी गई सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गांजे की यह खेप उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही थी। बसंतपुर पुलिस को मिली सूचना के आधार पर देर रात विशेष घेराबंदी की गई। भोर करीब 3 बजे पुलिस ने ट्रक को रोककर जांच की, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान साइबर सेल की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान लौकेश निवासी सहारनपुर तथा आमिर निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गांजे की खेप लेकर जा रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़े गए।
सूत्रों के अनुसार बरामद गांजे की मात्रा इतनी अधिक है कि उसकी नाप-तौल में पुलिस टीम को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांजे की कुल मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत का आकलन किया जा रहा है।
जानकारी यह भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी पूर्व में भी गांजा तस्करी के मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और तस्करी नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।
फिलहाल मामले में कार्रवाई जारी है तथा पुलिस द्वारा गांजे की कुल मात्रा की तौल और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। बसंतपुर पुलिस की इस बड़ी सफलता की जिलेभर में चर्चा है और इसे बलरामपुर में अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी माना
जा रहा है।

