बलरामपुर।
Desk
जिले के ग्राम कोटराहीटांड में संचालित सेंदुर नदी सिंचाई परियोजना के तहत निर्माणाधीन नहर में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान एक अजाक्स मशीन अचानक नहर में समा गई, जिससे मशीन ऑपरेटर रामदयाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान मशीन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि मशीन ऑपरेटर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए
हादसे की सूचना मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव तत्काल घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर को घटना की जानकारी देते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने का आग्रह किया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मशीन और शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। शव को आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर भेजने की तैयारी की गई।यह हादसा करोड़ों रुपये की लागत से संचालित सेंदुर नदी सिंचाई परियोजना में सुरक्षा मानकों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।फिलहाल पुलिस और प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

