नवपदस्थ कलेक्टर ने मीडिया से की पहली मुलाकात, विकास और जनहित के मुद्दों पर रहेगा विशेष फोकस
नरेंद्र मिश्रा , बलरामपुर,
बलरामपुर जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती संजय चंदन त्रिपाठी ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले के विकास एवं प्रशासनिक प्राथमिकताओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद से ही विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जा रही है तथा जिले के अलग-अलग विकासखंडों का दौरा कर स्थानीय समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि बलरामपुर जिला भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से जिले के समग्र विकास के लिए प्रभावी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, बाल विवाह की रोकथाम तथा कुपोषण जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन विषयों को प्रशासन की प्राथमिकता में रखा गया है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि उन्हें जिले के राजपुर और वाड्रफनगर विकासखंडों में पूर्व में कार्य करने का अनुभव है, जिससे स्थानीय परिस्थितियों और चुनौतियों की बेहतर समझ है। इसी अनुभव के आधार पर जिला प्रशासन की पूरी टीम के साथ मिलकर शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जाएगा।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

