बलरामपुर
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 7 जून को विकासखंड वाड्रफनगर में “Sunday on Cycle” अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा ईंधन बचत का संदेश दिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर के निर्देशानुसार विकास खंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर द्वारा सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों तथा संकुल समन्वयकों को कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।सुबह 7 बजे आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, युवा वर्ग एवं ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वाड्रफनगर, रघुनाथनगर, बलंगी, पेंडारी, गढ़वा, मुरपानी, बरियों, बसंतपुर, सुरजपुर, खुटहनपारा, बरवाही, कुसमी सहित विभिन्न क्षेत्रों में साइकिल रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना था।इसी क्रम में भाजपा मंडल रघुनाथ नगर द्वारा भी भव्य साइकिल यात्रा निकाली गई।
यात्रा का शुभारंभ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं मंडल पदाधिकारियों द्वारा साइकिल चलाकर किया गया। यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन और पेट्रोल-डीजल की बचत का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।कार्यक्रम में भाजपा नेता राम नारायण साहू, मंडल अध्यक्ष सोबरन कुशवाहा, रामकिशन देवांगन, विनोद जायसवाल, सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी विनोद पंथ, संकुल प्राचार्य जनक लाल साहू, रोहनी जायसवाल, राजेश जायसवाल, राजेन्द्र मिश्रा, संदीप जायसवाल, प्रदीप यादव, अखिलेश जायसवाल, विनोद यादव, रामाशंकर पंथ तथा सोशल मीडिया प्रभारी चन्द्रकांत साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।साइकिल यात्रा के दौरान देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिट इंडिया अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत को लेकर दिए गए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।आयोजकों ने बताया कि अभियान में शामिल प्रतिभागियों का पंजीयन फिट इंडिया के आधिकारिक पोर्टल पर किया गया तथा सभी विद्यालयों को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और जनभागीदारी का माहौल देखने को मिला।
