राजपुर/बलरामपुर। सेवारी में हाल ही में पिकअप वाहन से अवैध यात्री परिवहन के कारण हुई दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग और पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में 23 अगस्त 2026 को राजपुर क्षेत्र में पिकअप वाहनों की संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक पिकअप वाहन को अवैध रूप से यात्रियों का परिवहन करते पाए जाने पर थाना राजपुर में जब्त किया गया।

सेवारी दुर्घटना स्थल का भी किया निरीक्षण
संयुक्त जांच के दौरान PWD, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की टीम ने सेवारी में हुई दुर्घटना के स्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुर्घटना से जुड़े परिस्थितियों का जायजा लिया और पिकअप वाहनों में यात्री परिवहन को लेकर आवश्यक जांच की।

पिकअप से चाइनीज लाइट और प्रेशर हॉर्न जब्त
जांच के दौरान कई पिकअप वाहनों में नियमों के विपरीत लगाए गए चाइनीज लाइट और प्रेशर हॉर्न पाए गए। टीम ने ऐसे उपकरणों को वाहनों से जब्त कर लिया और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

तीन वाहनों पर चालानी कार्रवाई
वाहनों के दस्तावेजों की जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर 3 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में कुल 7 हजार रुपये समझौता शुल्क वसूल किया गया।
अधिकारियों और टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान जिला परिवहन अधिकारी बलरामपुर यशवंत यादव, परिवहन उपनिरीक्षक ए.टी. द्विवेदी, थाना प्रभारी राजपुर भारद्वाज सिंह, परिवहन उड़नदस्ता और पुलिस की टीम सक्रिय रही।

