बलरामपुर 22 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत कन्या छात्रावास सनावल एवं बालक छात्रावास कामेश्वरनगर का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, आवासीय सुविधाओं एवं भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
सर्वप्रथम कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कन्या छात्रावास सनावल का निरीक्षण किया उन्होंने बालिकाओं के साथ बैठकर संवाद किया। उन्होंने बच्चियों से पढ़ाई के संबंध में चर्चा की और उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चियों को बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खम्हारडीह में ज्वेलरी शॉप को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के गहने पार’ जांच में जुटी पुलिस
कलेक्टर ने बालिकाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास के लिए अन्य गतिविधियों में सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
इस दौरान एक बालिका ने अपने हाथों से तैयार किया हुआ सुंदर गुलदस्ता भेंट कर कलेक्टर का अभिनंदन किया। बालिका के इस स्नेहपूर्ण प्रयास से कलेक्टर ने बालिका की रचनात्मकता एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उसे आगे भी ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में रह रही बालिकाओं से उनकी समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि छात्रावास में रहने, पढ़ाई या अन्य किसी व्यवस्था को लेकर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है। इस दौरान आश्रम की बालिकाओं ने व्यवस्था को लेकर संतुष्टि जाहिर की।
कन्या छात्रावास की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधीक्षिका को छात्रावास में बालिकाओं की सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिकाओं की सुविधा के अनुरूप छात्रावास की व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं, बाथरूम, भोजन व्यवस्था एवं रसोईघर का जायजा लिया। और आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षिका को बालिकाओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेकर समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
तत्पश्चात कलेक्टर ने बालक आश्रम कामेश्वरनगर का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन, अध्ययन व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने बच्चों से उनकी दिनचर्या और छात्रावास में किसी प्रकार की समस्या होने के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने तथा अध्ययन पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधीक्षक को छात्रावास परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने, कमरों एवं आसपास के परिसर को व्यवस्थित रखने तथा बच्चों की आवश्यकताओं का समय पर ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री चेतन बोरघरिया, अनुविभागीय अधिकारी श्री आनंद राम नेताम, सहायक आयुक्त सुश्री समीक्षा जायसवाल, तहसीलदार श्री मनोज पैंकरा, संबंधित अधिकारी,कर्मचारी मौजूद रहे।

