फुलीडुमर (बलरामपुर): ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने एवं उनकी अध्ययन सामग्री की आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। सामाजिक संस्था ‘छोटे पांव मजबूत कदम’ के सौजन्य से, समाजसेवी श्री राकेश मित्तल जी के अथक प्रयासों तथा विद्यालय के शिक्षक श्री विक्रान्त कुमार जी की विशेष सक्रियता से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फुलीडुमर में नि:शुल्क कॉपी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 6वीं से 12वीं तक के सभी 250 छात्र-छात्राओं को कुल 500 कॉपी (अभ्यास पुस्तिकाएं) वितरित की गईं।
अतिथियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री देवेंद्र कुमार उपाध्याय जी ने संस्था ‘छोटे पांव मजबूत कदम’ एवं श्री राकेश मित्तल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों में पढ़ाई के प्रति नया उत्साह भरते हैं।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित ग्राम सरपंच श्रीमती राजपति देवी जी तथा SMDC के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री राजकुमार गुप्ता जी ने विद्यार्थियों को लगन और निष्ठा के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी।
शिक्षकों एवं अतिथियों के कर-कमलों से हुआ वितरण
मंच पर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षक श्री विक्रान्त कुमार जी ने अपने कर-कमलों से बच्चों को कॉपी प्रदान कीं। नि:शुल्क शिक्षण सामग्री पाकर सभी विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय की व्याख्याता श्रीमती ममता पैंकरा, सुश्री आशा धुर्वे, श्रीमती रश्मि पांडेय, श्री रामकुमार भगत सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में शिक्षक श्री विक्रान्त कुमार जी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का सफल समापन किया।

