‘चाय पर चर्चा’ में विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार को घेरा, बिजली बिल, किसानों, NEET पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी पर उठाए सवाल
छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व संसदीय सचिव एवं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने बुधवार की देर शाम
बलरामपुर ,
रामानुजगंज में आयोजित ‘चाय पर चर्चा‘ कार्यक्रम में राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिजली बिल, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, महंगाई, NEET पेपर लीक, दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज तथा अयोध्या राम मंदिर में दान राशि की कथित चोरी जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों ने आम जनता की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त बिजली, सिंचाई और कृषि संबंधी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, जिससे खेती करना लगातार कठिन होता जा रहा है। सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।
युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भर्ती और परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
विकास उपाध्याय ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में दान राशि की कथित चोरी के मामले में भी निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती आर्थिक परेशानियों से आम जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लगातार सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी और किसानों, युवाओं तथा आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से विकास उपाध्याय को अवगत कराया।
इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं नेता प्रतिपक्ष नगर पालिका परिषद प्रतीक सिंह, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अरुण अग्रवाल’, कांग्रेस जिला महामंत्री अरविंद दुबे, अजय गुप्ता,जनपद सदस्य मोहम्मद बक्श, संतोष यादव, व्यासमुनि यादव, कृष्णा मंडल, पूर्व पार्षद सनोज दास,कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास, विकास गुप्ता, विकास दुबे, मुकेश गुप्ता, राकेश कश्यप, अंकित जायसवाल, नजीम अंसारी, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष निशांत चौबे, आकाश यादव, रविंद्र कश्यप, कलामुद्दीन, एनएसयूआई नगर अध्यक्ष क्षितिज गुप्ता, विवेक सोनी, अभिषेक केशरी, मोहम्मद रसूल सहित कांग्रेस एवं एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

