चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाया। बैठक में संगठित गोवंश तस्करी, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण और निरोधात्मक पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अपराधियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
कार्य में लापरवाही पर एसपी ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए अलीनगर, धानापुर और कंदवा के थाना प्रभारियों को हटाकर नए प्रभारी नियुक्त किए। वहीं लगातार वाहन चोरी रोकने में विफल रहने पर चंदौली कस्बा चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया। विभिन्न मामलों में लापरवाही पाए जाने पर 23 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए अर्थदंड और परिनिंदा दंड दिया गया।
दूसरी ओर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें हत्या के मामले का 36 घंटे में खुलासा करने वाली टीम, गो-तस्करी और साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मी शामिल रहे।
बैठक में एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, समयबद्ध जनशिकायत निस्तारण और प्रभावी पुलिसिंग ही जनपद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

