चंदौली। मुगलसराय पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार से 24.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बिहार निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पटनवा तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर की ओर से एक कार में गांजा लेकर वाराणसी की तरफ तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से दो प्लास्टिक के बोरों में रखे 24 बंडलों में पैक 24.800 किलो गांजा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि कार पर लगी UP16BY9490 नंबर प्लेट फर्जी थी और किसी दूसरे वाहन की थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमाकान्त उर्फ हिमांशु (22 वर्ष) निवासी भोजपुर, बिहार के रूप में हुई। पूछताछ में उसने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मिर्जापुर से गांजा लाकर वाराणसी व आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

