चंदौली। डीडीयू नगर के पड़ाव क्षेत्र में बारिश के दौरान जलजमाव और नाले की सफाई व्यवस्था को लेकर एक युवक ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। युवक पंकज यादव ने आरोप लगाया कि नाले की सफाई के बाद निकाला गया मलबा किनारे ही छोड़ दिया गया। बारिश होने पर वही मलबा दोबारा नाले में बह गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था फिर बाधित हो गई और क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी रही।
इसी के विरोध में पंकज यादव नाले के बीच कुर्सी लगाकर बैठ गए। उनका यह अनोखा प्रदर्शन देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। राहगीरों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
सूचना मिलने पर जलीलपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को समझाकर सुरक्षित नाले से बाहर निकाला और स्थिति को सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नालों की सफाई के बाद मलबे का समय पर उठान नहीं कराया गया तो हर बारिश में जलजमाव की समस्या बनी रहेगी। लोगों ने संबंधित विभाग से स्थायी समाधान और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

