बलरामपुर।
जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोरन में स्कूल से घर लौट रहे मासूम बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने बच्चों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें काफी दूर तक दौड़ाया, जिससे बच्चे भयभीत होकर रोने लगे।जानकारी के अनुसार, विद्यालय की छुट्टी के बाद बच्चे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नशे में धुत युवक दीपक कटारे जो ग्राम परसडीहा गांव का निवासी है जो नन्हे व मासूम बच्चों के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया और डराते-धमकाते हुए उनका पीछा किया। घबराए बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
इसके बाद बच्चों को उनके परिजनों तक पहुंचाया गया।बताया जा रहा है कि जब परिजनों ने युवक के व्यवहार का विरोध किया तो उसने उनके साथ भी गाली-गलौज की तथा मारपीट की धमकी दी।आपको बता दें की घटना की जानकारी जैसे ही शिक्षा विभाग में लगी है शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे एवं बच्चों व परिजनों के साथ कार्यवाही के लिए पुलिस चौकी भी पहुंचे थे।
घटना की शिकायत मिलने पर वाड्रफनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके पश्चात आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब के नशे में उत्पात मचाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

