बलरामपुर/वाड्रफनगर।
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत चुरैला नाला के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों में तत्काल आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन जलकर खाक हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल बाईक सवार घायलों औऱ मृतको का पता नहीं लगाया जा सका है।

