तिरुपति। आस्था और विश्वास के आगे उम्र भी छोटी पड़ जाती है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण तिरुमाला में देखने को मिला, जहां कर्नाटक की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन के लिए पैदल सात पहाड़ियों की चढ़ाई पूरी की। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि महिला की उम्र 116 वर्ष है। उनका वीडियो वायरल होने के बाद लोग उनकी अटूट श्रद्धा और दृढ़ इच्छाशक्ति की जमकर सराहना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला वर्षों से भगवान श्रीवारी की परम भक्त हैं। अधिक उम्र होने के कारण परिजनों और आसपास के लोगों को आशंका थी कि उनके लिए तिरुमाला की कठिन पैदल यात्रा पूरी करना संभव नहीं होगा। लेकिन उन्होंने भगवान के प्रति अपनी गहरी आस्था के बल पर पैदल यात्रा करने का संकल्प लिया।
CG News : देशी मशरूम खाने से परिवार की बिगड़ी तबीयत, 8 सदस्य जिला अस्पताल में भर्ती
यात्रा के दौरान परिवार के सदस्य उनका सहारा बनकर साथ चलते रहे। बुजुर्ग महिला भी धीरे-धीरे एक-एक कदम बढ़ाते हुए आगे बढ़ती रहीं। रास्ते भर श्रद्धालु “गोविंदा… गोविंदा…” के जयकारे लगाकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे। अंततः उन्होंने सातों पहाड़ियों की चढ़ाई पूरी कर भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए।
इस पूरी यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने वाले लोग इसे श्रद्धा, विश्वास और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक बता रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि सच्ची भक्ति के सामने उम्र और शारीरिक चुनौतियां भी हार मान लेती हैं।
हालांकि, महिला की उम्र 116 वर्ष होने के दावे की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह दावा सोशल मीडिया पर साझा की जा रही जानकारी के आधार पर किया जा रहा है। इसके बावजूद उनकी कठिन पैदल यात्रा और अटूट आस्था ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है।

