मरीजों को लेकर निकली एंबुलेंस का ट्रक से हुई भिड़ंत चालक और ईएमटी गंभीर घायल…मरीज को दूसरी एंबुलेंस से भेजा गया अस्पताल..
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिला मुख्यालय के व्यस्त जिला अस्पताल चौक पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मरीज को लेकर मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर जा रही 108 एंबुलेंस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, जहर सेवन कर गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचे मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया जा रहा था। एंबुलेंस जैसे ही जिला अस्पताल चौक पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायल चालक और ईएमटी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि मरीज सुरक्षित रहा। उसे बिना समय गंवाए दूसरी 108 एंबुलेंस में शिफ्ट कर मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रवाना कर दिया गया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के चलते जिला अस्पताल चौक पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

