नई दिल्ली। अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर के दान-पात्रों से कथित चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि इस घटना से करोड़ों राम भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
होसबोले ने अपने बयान में कहा कि श्री राम लला मंदिर में दान-पात्रों से कथित चोरी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे पूरे समाज तथा राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है।
SIT जांच पर जताया भरोसा
उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। अब आवश्यक है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी हो तथा जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा मिले।
व्यवस्था की कमियां दूर करने की अपील
आरएसएस महासचिव ने कहा कि इस घटना को अपवाद मानते हुए मंदिर प्रबंधन को वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था की सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उनका कहना था कि इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास और मजबूत होगा।
उन्होंने भरोसा जताया कि मंदिर प्रबंधन और जांच एजेंसियां निष्पक्ष जांच कर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएंगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील
दत्तात्रेय होसबोले ने हिंदू समाज से अपील की कि जांच पूरी होने तक धैर्य और संयम बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक या राष्ट्र-विरोधी तत्व को इस घटना का लाभ उठाकर समाज में भ्रम या वैमनस्य फैलाने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।
फिलहाल, मामले की जांच एसआईटी द्वारा जारी है और विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

