ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक महिला के लापता हुए लड्डू गोपाल की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष अभियान ‘मिशन कान्हा’ शुरू किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आईजी अरविंद सक्सेना ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जो लड्डू गोपाल की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के सिटी सेंटर अलकापुरी निवासी विजया शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त हैं। परिवार के अनुसार, वह अपने आराध्य लड्डू गोपाल को हमेशा अपने साथ रखती हैं। बीते 29 जनवरी को वह अपनी बहन के साथ खरीदारी के लिए कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी गई थीं। इसी दौरान उनके लड्डू गोपाल कहीं गुम हो गए।
घटना के बाद विजया शर्मा ने काफी तलाश की, लेकिन लड्डू गोपाल का कोई पता नहीं चल सका। उनकी आस्था और भावनात्मक लगाव को देखते हुए मामला पुलिस तक पहुंचा।
बताया जा रहा है कि महिला की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आईजी अरविंद सक्सेना ने मामले में विशेष पहल की और ‘मिशन कान्हा’ के तहत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
SIT में कोतवाली थाना प्रभारी सहित जनकगंज और माधवगंज थाना क्षेत्र के कुल छह पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। टीम को उपलब्ध सूचनाओं और संभावित सुरागों के आधार पर लड्डू गोपाल की तलाश करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले को महिला की धार्मिक आस्था और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से लिया गया है। उपलब्ध साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर जांच जारी है तथा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक ओर पुलिस संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है, वहीं लोग भी लड्डू गोपाल की सुरक्षित बरामदगी की कामना कर रहे हैं।

