शाला प्रवेश उत्सव में आखिर क्यों भड़क गईं विधायक…? मंच पर नेमप्लेट हटाते ही मच गई हलचल, अधिकारियों की लगाई क्लास, प्रोटोकॉल पर बवाल के बाद बदली गई पूरी बैठक व्यवस्था
नरेंद्र मिश्रा,बलरामपुर/राजपुर
जिले के राजपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब कार्यक्रम के दौरान मंच व्यवस्था को लेकर विधायक उद्देश्वरी पैकरा नाराज हो गईं। मंच पर जनप्रतिनिधियों की बैठक व्यवस्था को लेकर उन्होंने सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई, जिससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर असहज स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ जनप्रतिनिधियों के लिए की गई बैठक व्यवस्था को विधायक ने प्रोटोकॉल के अनुरूप नहीं माना। नाराजगी जताते हुए उन्होंने मंच के सामने रखे गए नेमप्लेट को उठाकर किनारे कर दिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा।
घटना के दौरान भाजपा संगठन के जिला महामंत्री और जिला कोषाध्यक्ष ने भी बैठक व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त किया। उनका कहना था कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की गरिमा और प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने मौके पर मौजूद सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों को फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं दोहराने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि शासन के कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य है और किसी भी जनप्रतिनिधि की गरिमा से समझौता नहीं होना चाहिए।
विधायक की नाराजगी के बाद कुछ समय तक कार्यक्रम स्थल पर हलचल का माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल मंच की बैठक व्यवस्था में बदलाव किया, जिसके बाद माहौल सामान्य हुआ और शाला प्रवेश उत्सव का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया गया।

