रायपुर। आयकर विभाग में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। भोपाल स्थित मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय ने छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश (CG-MP) सेक्टर के 70 आयकर निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इनमें रायपुर कमिश्नरी रेंज के 29 निरीक्षक शामिल हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी तबादला सूची में छत्तीसगढ़ सेक्टर के राजेश कुमार, सुजीत सरकार, अभिषेक कुमार, राकेश बोरकर, कुणाल राणा समेत कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इस आदेश के बाद विभागीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
रायपुर और भोपाल में सबसे अधिक तबादले
आदेश के अनुसार, सबसे अधिक तबादले रायपुर और भोपाल रेंज में किए गए हैं। इससे पहले 23 जून को भी विभाग ने 209 आयकर निरीक्षकों का एक साथ तबादला किया था। उस सूची में भोपाल के 46, रायपुर के 31, इंदौर के 21, भिलाई के 10 और बिलासपुर के 6 निरीक्षकों की नई पदस्थापना की गई थी।
लगातार हो रहे इन तबादलों को विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार और प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत उठाया गया कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को नए पदस्थापन स्थल पर शीघ्र कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।


