जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ कार्रवाई
नरेंद्र मिश्रा , बलरामपुर-रामानुजगंज
रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के अचानक घर से लापता होने के बाद सामने आए घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना अभी जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता ने 28 जून 2026 को थाना रघुनाथनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 27 जून की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद अपने आवास में सो गए थे। देर रात जब वे घर के भीतर गए तो उनकी नाबालिग बेटी वहां नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
अगली सुबह नाबालिग के मिलने पर उसने आरोप लगाया कि जनकपुर निवासी नंदू अगरिया (23) उसे बहला-फुसलाकर घर से अपने साथ ले गया और पास के जंगल में उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान और पिता की शिकायत के आधार पर रघुनाथनगर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और 29 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विशेष न्यायालय, रामानुजगंज में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उसे रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही सभी तथ्य सामने आएंगे।

