बलरामपुर : कलेक्टर ने बच्चों को पिलाई पोलियो की घूट,तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान शुरू
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिले में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। जिला अस्पताल में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की और जिले के सभी अभिभावकों से जन्म से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक अवश्य दिलाने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनुज टोप्पो सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि “एक भी बच्चा न छूटे” के संकल्प के साथ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
जिले में पहले दिन 693 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। वहीं राजपुर के ग्राम परसागुड़ी में अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई। वाड्रफनगर अस्पताल परिसर और बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष बूथ लगाकर बच्चों को दवा पिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि भारत को वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त घोषित किया गया था और इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्व के कुछ देशों में अभी भी पोलियो वायरस का खतरा बना हुआ है, इसलिए नियमित टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान में भागीदारी जरूरी है।
अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1,07,731 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 693 बूथों पर 1,386 स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी दलों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मितानिन, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता मिलकर अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और यदि कोई बच्चा छूट जाए तो 29 एवं 30 जून को घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम से उसे पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।

