बलरामपुर : महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं से धोखाधड़ी, खातों से निकाली गई राशि
करीब 40 महिला किसान शिकायत लेकर पहुंचीं एसडीएम कार्यालय, थाने में भी दर्ज कराया मामला
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर/राजपुर
जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुंदी कला में महतारी वंदन योजना के केवाईसी (KYC) के नाम पर महिलाओं के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि चॉइस सेंटर में केवाईसी कराने पहुंची महिलाओं से अंगूठा लगवाकर उनके बैंक खातों से खाद (उर्वरक) खरीदी की राशि निकाल ली गई। मामले का खुलासा होने के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं शिकायत लेकर प्रशासन के पास पहुंचीं।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुंदी कला की लगभग 40 महिला किसान बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि महतारी वंदन योजना का केवाईसी कराने के नाम पर उनसे बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया, लेकिन बाद में पता चला कि उनके खातों से खाद खरीदी के नाम पर राशि निकाल ली गई है।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उन्हें किसी भी प्रकार की खरीदारी या राशि निकासी की जानकारी नहीं दी गई थी। जब खाते की जानकारी निकाली गई तो अनियमित लेनदेन का पता चला। इसके बाद महिलाओं ने सामूहिक रूप से इसकी शिकायत प्रशासन और पुलिस से की।
महिलाओं का आरोप है कि ग्राम में संचालित एक चॉइस सेंटर के माध्यम से यह पूरा खेल किया गया। मामले को लेकर महिलाओं में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इधर, महिलाओं ने राजपुर थाने पहुंचकर भी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।
एसडीएम कार्यालय में शिकायत देने पहुंची महिलाओं ने मांग की है कि उनके खातों से निकाली गई राशि वापस दिलाई जाए तथा दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस दोनों स्तरों पर जांच जारी है।
फिलहाल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिलाओं के खातों से राशि किस प्रक्रिया के तहत निकाली गई और इस कथित धोखाधड़ी में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

