बलरामपुर में जनपद सदस्य की दबंगई! युवक को निर्वस्त्र कर पीटने का आरोप, FIR दर्ज
बलरामपुर/रामानुजगंज
रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। मामले में जनपद सदस्य मोहम्मद बख्श के विरुद्ध रामचंद्रपुर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज किए जाने की जानकारी मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राशन कार्ड बनवाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि युवक को कथित तौर पर कपड़े उतरवाकर पीटा गया तथा अंधेरे कमरे में बंद कर उससे माफी मंगवाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मारपीट में घायल युवक को उपचार के लिए रामानुजगंज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों द्वारा उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष की शिकायत पर रामचंद्रपुर थाना पुलिस ने जनपद सदस्य मोहम्मद बख्श के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जनपद सदस्य मोहम्मद बख्श पूर्व में भी मंत्री रामविचार नेताम के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक एवं अनर्गल बयानबाजी के मामले में विवादों में रहे हैं और उस प्रकरण में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

