रायपुर मीना बाजार संचालन की अनुमति के एवज में कथित रूप से घूस मांगने के आरोपों को लेकर सरगुजा की राजनीति गरमा गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ऑडियो में कुछ लोगों के बीच अनुमति दिलाने के बदले रकम की मांग किए जाने का दावा किया जा रहा है।
मामले ने तूल तब पकड़ा जब विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों ने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। वहीं इस पूरे प्रकरण को लेकर अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे उनकी छवि धूमिल करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है।
महापौर ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए वायरल ऑडियो की तकनीकी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और जनता को भी वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।
इधर, विपक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। विपक्षी नेताओं का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं यदि ऑडियो फर्जी है तो इसे तैयार कर वायरल करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस और संबंधित एजेंसियां अब वायरल ऑडियो की सत्यता, उसके स्रोत और उसमें शामिल व्यक्तियों की भूमिका की जांच में जुटी हुई हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल यह मुद्दा सरगुजा जिले में राजनीतिक चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।
पूरे मामले में अंबिकापुर की मेयर मंजूषा भगत ने मीडिया के सामने बाइट देते हुए पूरे घटनाक्रम को साजिश करार दिया है वहीं मीडिया के समक्ष बोलते बोलते उनकी आंखों से आंसू भी झलक आए थे।देखे पूरी वीडियो

